भोपाल , फरवरी 2 -- मध्यप्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मंदसौर जिले की थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. सिंह बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह भास्कर और थाना प्रभारी कोतवाली पुष्पेन्द्र सिंह राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

01 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रतापगढ़ (राजस्थान) निवासी गुलशेर खान पठान एमडी ड्रग्स बेचने मंदसौर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुलशेर खान पठान और उसके साथी नंदकिशोर उर्फ नंदु को गिरफ्तार किया। तलाशी में दोनों के कब्जे से 01 किलो 500 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.50 करोड़ रुपये है।

इसके अलावा 7,000 रुपये कीमत का अवैध डोडाचूरा और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं। आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित