भोपाल , दिसंबर 18 -- मध्यप्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से गुरुवार को बिहार सरकार में खेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान सुश्री सिंह ने मध्यप्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा प्रदेश में विकसित की गई विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने खेल विकास के क्षेत्र में एक प्रभावी मॉडल प्रस्तुत किया है।
मंत्री विश्वास सारंग ने इस अवसर पर प्रदेश की खेल उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश आज देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल है और राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रदर्शन के आधार पर देश में तृतीय स्थान पर है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा खेल, खिलाड़ियों और खेल मैदानों के समग्र विकास के लिए निरंतर एवं योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
भेंट के दौरान बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने मध्यप्रदेश एवं बिहार के बीच खिलाड़ियों के प्रशिक्षण हेतु नॉलेज एक्सचेंज कार्यक्रम प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से दोनों राज्यों के खिलाड़ियों को एक-दूसरे की खेल अधोसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों और सुविधाओं का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा, जिससे खिलाड़ियों के कौशल विकास और प्रदर्शन में गुणात्मक सुधार संभव होगा।
अपने आधिकारिक प्रवास के दौरान सुश्री श्रेयसी सिंह ने भोपाल स्थित मध्यप्रदेश वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी, मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी और स्पोर्ट्स साइंस सेंटर का भ्रमण किया। उन्होंने यहां खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक सुविधाओं, तकनीकी सहयोग, फिटनेस, रिकवरी और वैज्ञानिक प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद उन्होंने टीटी नगर स्टेडियम स्थित बॉक्सिंग क्लब और रेसलिंग क्लब का भी दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने तथा कोचिंग, खेल उपकरण, आवास, पोषण और प्रतियोगिता की तैयारियों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित