भोपाल , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट द्वारा केस दर्ज किए जाने के स्पष्ट आदेश के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आक्रोश जताया है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव अमित शर्मा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद मंत्री विजय शाह के खिलाफ कोई कार्रवाई न होना अत्यंत चिंताजनक और शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मंत्री को खुला संरक्षण दे रही है, जो न केवल संविधान का अपमान है बल्कि देश की जनता की भावनाओं के साथ भी खिलवाड़ है।
अमित शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार का रवैया यह दर्शाता है कि उनके लिए सत्ता और मंत्री सर्वोपरि हैं, जबकि संविधान, न्यायपालिका और जनभावनाओं का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा है, तो आम नागरिक न्याय की उम्मीद किससे करे।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि विजय शाह की तत्काल गिरफ्तारी केवल कानूनी आवश्यकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक नैतिकता की भी अनिवार्य मांग है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की निष्क्रियता यह संदेश देती है कि कानून केवल आम जनता के लिए है, सत्ता में बैठे लोगों के लिए नहीं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और जब तक विजय शाह की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन संविधान, न्याय और जनसम्मान की रक्षा के लिए किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित