धार , दिसंबर 18 -- मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह द्वारा महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में महिला कांग्रेस ने गुरुवार को सड़क पर प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया और राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार आशीष राठौर को ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष प्रीति माहेश्वरी के नेतृत्व में किया गया।
ज्ञापन में मंत्री विजय शाह के बयान को लोकतंत्र के मूल्यों के विरुद्ध और महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया गया। जिला अध्यक्ष प्रीति माहेश्वरी ने कहा कि हाल ही में एक सार्वजनिक बैठक के दौरान मंत्री विजय शाह ने लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और कथित तौर पर कहा था कि जो बहनें मुख्यमंत्री का सम्मान नहीं करेंगी, उनकी जांच करवाई जाएगी।
महिला कांग्रेस ने इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि यह न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त समानता, स्वतंत्रता और गरिमा के मौलिक अधिकारों पर भी प्रहार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जागरूक महिलाएं और नागरिक इस तरह की तानाशाही भाषा को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
महिला कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की कि महिलाओं को डराने और उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाले इस कृत्य पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए तथा मंत्री विजय शाह से तुरंत इस्तीफा लिया जाए। कांग्रेस का कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ देना सरकार का कर्तव्य है, न कि इसके बदले महिलाओं को किसी व्यक्ति विशेष के सम्मान के लिए विवश किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं और मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। ज्ञापन सौंपते समय संगीता रोड्दा, रोशनी हटीला, साधना कनल, माया बघेल सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित