भोपाल , फरवरी 25 -- मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के आठवें दिन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने नगरीय विकास और मेट्रो परियोजना को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा सरकार में मंत्री और मुख्यमंत्री के बीच खींचतान का खामियाजा प्रदेश की जनता भुगत रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगरीय प्रशासन को न तो स्वतंत्र रूप से कार्य करने की छूट दी जा रही है और न ही ठोस निर्णय लिए जा रहे हैं। परिणामस्वरूप डेढ़ वर्ष से शहरों के मास्टर प्लान लंबित पड़े हैं।
सिंघार ने कहा कि इंदौर और भोपाल जैसे बड़े शहर आज भी स्पष्ट विकास योजना का इंतजार कर रहे हैं, जबकि अवैध कॉलोनियों का निर्माण तेजी से जारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इन शहरों की जनता को सुव्यवस्थित विकास का अधिकार नहीं है। यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि सरकार की असंवेदनशीलता का प्रमाण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित