देहरादून , अप्रैल 18 -- उत्तराखंड के कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र मसूरी की विकास योजनओं की समीक्षा सैनिक कल्याण निदेशालय में की।
उन्होंने मसूरी में वेडिंग जोन के विकास के लिए अधिकारियों को समुचित कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त, सुवाखोली के भुवनेश्वरी देवी मंदिर में सौन्दर्यीकरण के निर्माण कार्य एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण कार्यों को शीघ्र गति देने के निर्देश दिये।
श्री जोशी ने न्यू कैंट रोड, नैशविला रोड तथा संतला देवी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही, मुख्यमंत्री घोषणा के क्रम में सालावाला एवं पुरकुल में सामुदायिक केन्द्रों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने मसूरी में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापना तथा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के भी निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त मसूरी क्षेत्र के भवनों के वन-टाइम सेटलमेंट के संबंध में नियमानुसार प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
श्री जोशी ने मसूरी में खुली पड़ी पेयजल लाइनों को भूमिगत करने तथा बिलासपुर कांडली, नैशविला रोड एवं कैनाल रोड की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित