भीमताल/धारी (नैनीताल) , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड के शहरी विकास एवं जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपनी भीमताल विधानसभा के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

श्री कैड़ा के धारी ब्लॉक के धानाचुली, मानाघेर, तल्ली दिनी, चौरलेख, पहाड़पानी, धानारौली, जलना नीलपहाड़ी सहित कई गांवों में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया। मंत्री कैड़ा ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे और विकास कार्यों को गति देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

इस दौरान उन्होंने हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों के आड़ू, सेब, प्लम, नाशपाती और मटर की फसलों के नुकसान का आकलन कर शीघ्र मुआवजा दिलाया जाए।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने अपनी नियुक्ति के लिए केंद्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही उन्हें पुनः विधानसभा में प्रतिनिधित्व और मंत्रिमंडल में काम करने का अवसर मिला है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित