भोपाल , फरवरी 06 -- मध्यप्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के लाड़ली बहना योजना से जुड़े एक बयान के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बीच कांग्रेस ने मंत्री से सार्वजनिक तौर पर माफी मंगवाए जाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस बयान के संदर्भ में कहा, ''भाजपा के मंत्री कह रहे हैं कि हम लाड़ली बहना को 1500 रुपये दे रहे हैं, और यदि वे भाजपा के कार्यक्रम में नहीं आईं, तो उनका नाम काट दिया जाएगा। सत्ता के अहंकार में चूर भाजपा सरकार के मंत्रियों को लगता है कि यह पैसा उनकी जेब से दिया जा रहा है।''उन्होंने कहा कि क्या सरकार में यह प्रावधान है कि भाजपा कार्यक्रम में शामिल न होने वाली लाड़ली बहनों का नाम पात्र सूची से काट दिया जाएगा? साथ ही उन्होंने मंत्री श्री वर्मा से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की भी मांग की है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी श्री वर्मा से माफी की मांग करते हुए कहा, ''लाड़ली बहनों के स्वाभिमान पर चोट करना अब भाजपा नेताओं की कार्यशैली बनती जा रही है। मंत्री करण वर्मा द्वारा लाड़ली बहनों को मंच पर बुलाने की बात कहना और न आने पर "नाम काटने" जैसी धमकी देना केवल एक गैर-जिम्मेदार बयान नहीं, बल्कि सत्ता के दुरुपयोग और महिला-विरोधी मानसिकता का खुला प्रमाण है। पहले सरकार ने 3000 देने के बड़े-बड़े वादे किए, फिर राशि 1500 पर अटक गई, और आज जब बहनें अपना हक़ मांग रही हैं तो उन्हें धमकियाँ दी जा रही हैं। क्या यही भाजपा शासन में महिला सम्मान है?''श्री वर्मा का ये वीडियो गुरुवार को सीहोर जिले के इछावर में आयोजित एक शासकीय कार्यक्रम का बताया जा रहा है। वीडियो में मंत्री कह रहे हैं कि इस क्षेत्र की आठ सौ से अधिक महिलाओं को लाड़ली बहना योजना का लाभ मिल रहा है, पर कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति बहुत कम है। इसके साथ ही वे अधिकारियों से ये कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि एक दिन सभी लाड़ली बहनों को बुलवाया जाए और जो न आएं उनके नाम काट दिए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित