देहरादून , मार्च 20 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को मंत्रिमण्डल (कैबिनेट) विस्तार का स्वागत करते हुए इसे राज्य में विकास और जनकल्याण के प्रयासों को मजबूती देने वाला बताया है। प्रदेश अध्यक्ष, सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी पांच नए मंत्रियों को शुभकामनाएं देते हुए समस्त कार्यकर्ताओं की तरफ से मुख्यमंत्री धामी और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार, प्रदेश को चौमुखी विकास और जनकल्याण के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ा रही है। विगत वर्षों में मंत्रिमंडल में कुछ स्थान रिक्त चल रहे थे, जिसकी आज केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से पूर्ति की गई है।
श्री भट्ट ने आज कैबिनेट में शामिल खजान दास, भरत चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे सभी मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित