श्रीगंगानगर , दिसम्बर 20 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवती ने अपने मंगेतर द्वारा जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने के कारण गर्भवती हो जाने के बाद, गर्भपात करवाने में असफल रहने पर मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने आरोपी मंगेतर के खिलाफ युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पीड़िता ने शुक्रवार शाम को अपने घर के एक कमरे में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उस समय उसकी मां घर की छत पर कुछ काम कर रही थी। जब मां कुछ देर बाद नीचे आईं, तो उन्होंने बेटी को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए श्रीगंगानगर के जिला अस्पताल के मुर्दाघर में भेज दिया।
पीड़िता के एक परिजन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी गगन के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक वर्ष पहले सगाई के बाद गगन आरती पर मिलने का दबाव डालता था और उसे श्रीगंगानगर बुलाकर होटलों या अन्य स्थानों पर ले जाता था। वहां उसने शादी से पहले ही जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए, जिसके परिणामस्वरूप आरती गर्भवती हो गई। गर्भवती होने के बाद आरती ने गर्भपात करवाने का प्रयास किया, लेकिन समय निकल जाने के कारण चिकित्सकों ने इन्कार कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित