पटना, मार्च 16 -- भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने राज्यसभा के लिए बिहार से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी पांचों उम्मीदवारों की जीत पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

श्री पांडे ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश को पहली बार राज्यसभा सदस्य बनने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा ठुकराए गए महागठबंधन की हार पहले दिन से ही तय थी।

श्री पांडे ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिवेश राम की जीत पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि 20 से ज्यादा वर्षों तक बिहार की अतुलनीय सेवा करने वाले मुख्यमंत्री श्री कुमार अब बिहार के हितों के लिए देश की उच्च सदन राज्यसभा में अपनी आवाज बुलंद करेंगे।उन्होंने राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और रामनाथ ठाकुर की जीत पर उन्हें बधाई दी है।

श्री पांडेय ने कहा है कि महागठबंधन का इरादा शुरू से ही नकारात्मक था। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के घटक दलों के नेताओं को यह अच्छी तरह समझ लेना चाहिए कि बिहार का पूर्ण समर्थन देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके विकास कार्यों के साथ है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के फरेब और झांसे की राजनीति में अब बिहार फंसने वाला नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित