रायगढ़ , फरवरी 05 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के बानीपाथर गांव स्थित मंगल कार्बन प्लांट में गुरुवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसे में छह लोग झुलस गये, जिसमें से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्लांट में टायर गलाने की प्रक्रिया के दौरान बायलर का ढक्कन अचानक खुल जाने से वहां मौजूद लोग झुलस गए। इस हादसे में कुल छह लोगों के झुलसने की पुष्टि हुई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है जिसकी हालत गंभीर है।

सूत्रों के अनुसार प्लांट में टायर गलाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान बायलर का ढक्कन खोलते समय अचानक तेज गर्म भाप और लपटें बाहर निकल आईं, जिससे पास खड़े मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना अचानक था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के तुरंत बाद घायलों को उपचार के लिए रायगढ़ जिला अस्पताल लाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अधिकांश घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित