रायगढ़ , फरवरी 06 -- त्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में गुरुवार को हुए भीषण औद्योगिक हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने कारखाना अधिनियम के तहत प्लांट को सील कर दिया है, वहीं खरसिया पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में प्लांट के दो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार, टायर गलाकर काला तेल निकालने की प्रक्रिया के दौरान फर्नेस का ढक्कन खोले जाने से अचानक आग और अत्यधिक दबाव के कारण जोरदार ब्लास्ट हुआ। इस हादसे में एक मासूम समेत कुल 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को रायगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राथमिक जांच और शिकायत के आधार पर सामने आया है कि मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के कार्य कराया जा रहा था। साथ ही फर्नेस को पूरी तरह ठंडा किए बिना उसका ढक्कन खुलवाया गया, जिससे हादसा हुआ। शिकायतकर्ता आशा बाई खड़िया के अनुसार, सभी मजदूर पिछले चार महीनों से उक्त प्लांट में कार्यरत थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए खरसिया पुलिस ने मुख्य प्रबंधक रूपेश शर्मा और प्रबंधक दादु महाराज उर्फ प्रेमसागर त्रिपाठी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित