हरिद्वार , दिसंबर 16 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के पास मंगलौर कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मंदिर में हुई चोरी की वारदात का महज 12 घंटे के भीतर खुलासाा किया है।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी सुनील वालिया निवासी लंढौरा ने कोतवाली मंगलौर में तहरीर देकर बताया कि लंढौरा स्थित काली माता मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर द्वारा मंदिर से कीमती सामान चोरी कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली मंगलौर में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की और पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने मात्र 12 घंटे आज सुबह चोरी में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोबिन उर्फ मोनू पुत्र शकील बताया। वह हरिद्वार के मंगलौर कोतवाली के लंढौरा निवासी है। उसके पास से चोरी किये गए सामान मंदिर का पीली धातु का बड़ा घंटा और मंदिर से चोरी हुई श्रृंखला को भी बरामद किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित