पटना , मई 08 -- िहार सरकार में नवनियुक्त सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित होने वाली किसी भी प्रकार की गलत या भ्रामक खबरों की तत्काल तथ्यात्मक जांच की जाए और विभाग के आधिकारिक हैंडल से उसका त्वरित खंडन सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनता के बीच किसी प्रकार का भ्रम उत्पन्न न हो। श्री कुमार ने आज विभाग का पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सरकार के सबसे महत्वपूर्ण विभागों में से एक है, जिसकी जिम्मेदारी सूचना का सही प्रचार-प्रसार करना और जनता तक सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी पहुंचाना है।

मंत्री श्री कुमार ने जोर देते हुए कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का अधिक से अधिक उपयोग करते हुए सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि इन प्लेटफॉर्म्स पर फैलने वाली गलत या भ्रामक खबरों की तुरंत जांच कर आधिकारिक हैंडल से उनका खंडन किया जाए, जिससे लोगों में किसी प्रकार का भ्रम न फैले।

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि विभाग का मुख्य फोकस सूचनाओं के सही, सटीक और समयबद्ध प्रसारण पर रहेगा, जिससे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की सही जानकारी जनता तक पहुंच सके। उन्होंने बिहार की सकारात्मक छवि को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसके लिए प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, रेडियो और सोशल मीडिया का समन्वित उपयोग किया जाएगा।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना प्राथमिकता होगी,जिससे सूचना समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मानव संसाधन की कमी को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने अधिकारियों को तकनीक और रचनात्मक तरीकों के माध्यम से सूचना प्रसार को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर बरौली (गोपालगंज) के विधायक मनजीत सिंह, पिपरा (सुपौल) के विधायक रामविलास कामत, विभाग के अपर सचिव राजीव कुमार सिंह, अपर सचिव विधुभूषण चौधरी, संयुक्त निदेशक रवि भूषण सहाय, विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) कुमारिल सत्यनंदन सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित