लखनऊ , दिसम्बर 29 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट अपने चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से हर विभाग और हर कार्य में कमीशनखोरी हावी है और भ्रष्टाचार के मामले में मौजूदा सरकार "नंबर एक" बन चुकी है।
सोमवार को पार्टी की तरफ से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि निर्माण कार्यों, सड़कों के निर्माण और जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। कई जिलों में पानी की टंकियां भ्रष्टाचार का बोझ नहीं झेल पाईं और धराशायी हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन अब "लूट का मिशन" बन गया है, जहां गुणवत्ता और जनहित की बजाय कमीशन को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में अवैध कारोबारों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। पूरे उत्तर प्रदेश में नशे और अवैध धंधों का जाल फैला हुआ है। भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में माफिया पैदा कर दिए हैं भूमाफिया, ड्रग माफिया, खनन माफिया और लकड़ी माफिया खुलेआम लूट मचा रहे हैं। जनता से किए गए वादे पूरे करने में सरकार विफल रही है और भ्रष्टाचार रोकने के उसके दावे खोखले साबित हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित