चेन्नई , दिसंबर 18 -- तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के अध्यक्ष और फिल्म स्टार से नेता बने विजय ने गुरुवार को सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्रा कषगम को भ्रष्टाचार पर चलने वाली "बुरी ताकत" करार देते हुए कहा कि सिर्फ़ उनकी पार्टी ही द्रमुक को सत्ता से हटा सकती है।

श्री विजय ने इरोड के करीब सरलई में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, "द्रमुक एक बुरी ताकत है जबकि टीवीके पवित्रता की ताकत है और चुनावी लड़ाई इन दोनों के बीच है। सिर्फ़ टीवीके ही लोगों के खिलाफ काम करने वाली द्रमुक को हरा सकती है, जो भ्रष्टाचार से जमा किये गये पैसे पर निर्भर है।"उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर को करूर में उनके कार्यक्रम में हुई भगदड़ के बाद यह उनकी दूसरी सार्वजनिक सभा थी। इससे पहले उन्होंने पुडुचेरी में भी लोगों को संबोधित किया था। करूर दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित 41 लोगों की जान चली गयी थी।

दिलचस्प बात यह है कि विजय दिवंगत अन्नाद्रमुक नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता से प्रेरणा लेते नज़र आ रहे हैं। सुश्री जयललिता ने 2013 में सबसे पहले द्रमुक को "बुरी ताकत" कहा था और एम. करुणानिधि के नेतृत्व वाली पार्टी को इसी तरह के शब्दों में निशाना बनाना जारी रखा था।

श्री विजय ने कहा, "पेरियार के नाम पर लूट मत करो। तुम्हारे विपरीत, मुझे जनता का समर्थन प्राप्त है, जबकि तुम भ्रष्टाचार से जमा किये गये पैसे के समर्थन पर निर्भर हो।" उल्लेखनीय है कि इरोड शहर तर्कवादी सुधारक पेरियार का जन्मस्थान है। श्री विजय ने कहा कि द्रमुक जहां उनकी राजनीतिक विरोधी है, वहीं भारतीय जनता पार्टी उनकी वैचारिक दुश्मन है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित