जयपुर , फरवरी 19 -- राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर दृढ़ता से काम कर रही है और किसी भी विभाग में, किसी भी स्तर पर यदि भ्रष्टाचार पाया जाता है तो उसकी परतें खोलकर दोषियों को जेल भेजा जाएगा।

श्री बेढ़म गुरुवार को बजट सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में मीडिया से रूबरू होते हुए यह बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार को किसी भी विभाग में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार की सूचना मिलती है, वहां संबंधित एजेंसियों द्वारा तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने बताया कि हाल में जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले की जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा की गयी, जिसमें कई अधिकारियों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। जो आरोपी अब तक जांच एजेंसियों की पकड़ में नहीं आ सके हैं, उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किये गये हैं, ताकि कोई भी दोषी देश छोड़कर भाग न सके।

श्री बेढ़म ने बताया कि जांच एजेंसियां अपने निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के तहत कार्य कर रही हैं और जिन व्यक्तियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य प्राप्त होंगे, उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित