रोहतास , नवंबर 06 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खलनायक अब जेल जाएंगे।
श्रीमती गुप्ता ने आज बिहार के वारिसलीगंज विधानसभा, शेरघाटी, डेहरी और करगहर निर्वाचन क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खलनायक अब जेल जाएंगे और नालायक विदेशों में छुट्टी मनाएंगे। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार विकास, सुरक्षा व स्थिर शासन की गारंटी है। बिहार में जंगलराज पूरी तरह खत्म होगा ओर राज्य में चहुंओर विकास की बयार बहेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता पूरी समझ और जागरूकता के साथ अपना भविष्य तय करती है। बीते 15-20 वर्षों में बिहार ने जो प्रगति का रास्ता अपनाया है, वह केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही संभव हो पाया है। उन्होंने विपक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिनके दामन पर घोटालों और भ्रष्टाचार के दाग स्पष्ट रूप से दर्ज हैं, वे आज किस नैतिक अधिकार से जनता के सामने वोट मांगने आते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे कुछ नेताओं ने पशुओं का चारा तक खा लिया, गरीबों की कमाई और किसानों की जमीनों का शोषण किया और महिला सम्मान की रक्षा तक नहीं कर सके।
मुख्यमंत्री ने कहा , "यह बिहार है, यहां जनता के दिलों पर राज करने वाला ही सच्चा जननायक होता है। भ्रष्टाचार करने वाले खलनायक अब जेल जाएंगे। जो लोग झूठ और भ्रम फैलाकर जनता को बहकाने की कोशिश कर रहे हैं, वे न जनता के हितैषी हैं और न राजनीति की गरिमा के योग्य। ऐसे लोग जनता की तकलीफों के बीच छुट्टियाँ मनाने विदेश चले जाते हैं, जबकि जनता अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहती है।"उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने नए अस्पताल, नए हवाई अड्डे और सैकड़ों नयी ट्रेनों के जरिए बिहार को आज प्रगति की राह पर आगे बढ़ाया है। अगर यही विकास कार्य वर्षों पहले हो गए होते, तो बिहार कभी पीछे नहीं रहता। जंगलराज के दौरान लालटेन के अंधेरे में बिहार की दिशा ही खो गई थी। अब बड़ी मुश्किल से बिहार दोबारा पटरी पर लौटा है और इस रफ्तार को कायम रखना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने कहा , "बिहार आगे बढ़े, यहां उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ें, मेरी बहन-बेटियों को सुरक्षित माहौल मिले, और यहां का युवा अपनी मेहनत से अपनी मंज़िल चुन सके, यही हमारी एनडीए सरकार का संकल्प है।"मुख्यमंत्री ने दिल्ली और बिहार के भावनात्मक संबंधों पर बल देते हुए कहा कि वह स्वयं दिल्ली से आती हैं, इसलिए यह पूरी जिम्मेदारी से कह सकती हैं कि जब बिहार आगे बढ़ता है, तो दिल्ली खुश होती है और जब दिल्ली प्रगति करती है, तो बिहार के गांव में बैठी वह मां, जिसका बेटा दिल्ली में काम करता है और वह पिता, जिसका परिवार दिल्ली में रहता है, उनका आशीर्वाद दिल्ली पर बरसता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित