हल्द्वानी 31अक्टूबर (वार्ता) उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने शुक्रवार को अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार का दूसरा नाम हरीश रावत है।

श्री उनियाल ने श्री रावत पर हमला कर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। उन्होंने कहा," जिस व्यक्ति (श्री रावत) के शासनकाल में विधायकों की खरीद-फरोख्त का नंगा नाच हुआ हो, उसे भ्रष्टाचार पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।"उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और जनसेवा के सिद्धांत पर काम कर रही है, जबकि पिछली कांग्रेस सरकारों में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद चरम पर था। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उन्होंने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) ने न केवल राज्य में बल्कि देश और विदेश में भी अपनी विशेष पहचान स्थापित की है। यूओयू की स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित