जालौन , दिसंबर 27 -- उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रेदेव सिंह ने शनिवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) का असली एजेंडा लूट,भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी है वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वह दल है जिसके कार्यकर्ता पार्टी को मां का दर्जा देते हैं।

कोंच तहसील अंतर्गत ग्राम जखौली में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे श्री सिंह ने एसआईआर सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और बयानबाजी की कड़ी आलोचना की। उन्होने कहा कि भाजपा वह दल है, जिसे उसके कार्यकर्ता मां के समान मानते हैं और पार्टी पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के मान-सम्मान, भोजन और छत की चिंता करती है। ऐसी पार्टी कभी गड्ढे में नहीं जा सकती।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता ऊल-जुलूल बयानबाजी करते हैं। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सपा सरकार के दौरान गुंडागर्दी, लूट और भ्रष्टाचार का बोलबाला था, यही उनका असली एजेंडा रहा है। उन्होने कहा कि आज प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है, जिसके चलते करोड़ों लोगों को पक्का मकान मिला है, हर घर नल से जल पहुंच रहा है और गरीबों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

श्री यादव ने कहा कि प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा है, इंटरनेट कनेक्टिविटी मजबूत हुई है तथा ट्रेन, एयरपोर्ट और हाईवे जैसी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। कानून का राज स्थापित होने से लोग दिन-रात सुरक्षित यात्रा कर पा रहे हैं। पर्यटन क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होने कहा कि अयोध्या के राम जन्मस्थान, काशी विश्वनाथ, वृंदावन, चित्रकूट और विंध्याचल जैसे धार्मिक स्थलों पर करोड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे सड़क किनारे ढाबों, होटलों और छोटे व्यापारियों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से गरीबों को मुफ्त राशन, शिक्षा में सहायता और बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहयोग मिल रहा है, जिससे समाज का हर वर्ग खुशहाली महसूस कर रहा है। नहरों की सफाई को लेकर मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहली बार इतनी व्यापक और प्रभावी सफाई कराई गई है, जिससे टेल तक पानी पहुंच रहा है। लगभग 67 हजार किलोमीटर लंबी नहर प्रणाली में हर वर्ष 75 प्रतिशत से अधिक नहरों की सफाई कराई जा रही है और सरकार 100 प्रतिशत सफाई के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित