भोपाल , जनवरी 23 -- मध्यप्रदेश के भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह ने "संकल्प से समाधान अभियान'' का संभाग में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
श्री सिंह ने आज यहां टीएल बैठक में "संकल्प से समाधान अभियान'' के संभागीय नोडल अधिकारियों से योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान अंतर्गत चिन्हित 106 सेवाओं एवं योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण कर उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए। इसके साथ ही लोकसेवा गारंटी अधिनियम की सेवाओं एवं संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत आने वाले आवेदनों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाए और समस्याओं का निराकरण समय-सीमा में किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर प्राप्त विभागवार आवेदनों का परीक्षण कर ब्लॉक स्तर पर मॉनीटरिंग करें। उन्होंने कहा कि जिलों के द्वारा किए जा रहे नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिला एवं संभाग स्तर पर पुरस्कृत किया जाए। इसके साथ ही संकल्प से समाधान अभियान की संभाग स्तर पर मॉनीटरिंग करने के लिए संभाग स्तरीय विभागीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित