भोपाल , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जय माँ भवानी सेवा समिति द्वारा 521 मीटर लंबी भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें आस्था, भक्ति और सामाजिक जागरूकता का संगम देखने को मिला।

समिति के अध्यक्ष कौशल राय के नेतृत्व में आयोजित यह यात्रा अपने 10वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। मंगलवार शाम श्याम नगर स्थित न्यायमूर्ति चौराहा से माता दुर्गा की पूजा-अर्चना और सामूहिक आरती के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ।

यात्रा के दौरान "विश्व शांति", "पर्यावरण बचाओ" और "बेटी है तो कल है" जैसे संदेश दिए गए। डीजे, ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच पूरा मार्ग भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

प्रवक्ता राजेश राय के अनुसार यात्रा श्याम नगर से शुरू होकर हबीबगंज थाना, इंदिरा मार्केट, रविशंकर नगर, ऋषिनगर, मणिपुरम, ब्रह्मकुमारी आश्रम, एकांत पार्क, कोलार तिराहा और चूना भट्टी कॉलोनी होते हुए माँ कालिका मंदिर, चूना भट्टी पहुंची, जहां विधि-विधान से चुनरी अर्पित कर आरती और प्रसादी वितरण किया गया।

आयोजन समिति के अनुसार बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति और युवाओं ने भाग लिया। माता को अर्पित चुनरी से साड़ियां तैयार कर जरूरतमंद महिलाओं को वितरित किए जाने की भी योजना है।

यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा फूल वर्षा कर स्वागत किया गया और प्रसादी वितरित की गई। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, महापौर मालती राय, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, भाजपा प्रवक्ता नेहा बग्गा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित