भोपाल , अप्रैल 1 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अशोका गार्डन क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या कांड के मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई हिंदू संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बीच की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी को पकड़ने के दौरान मुठभेड़ की स्थिति बनी, जिसमें उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपियों में फरमान, कालू और इमरान को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि रविवार देर रात मामूली विवाद के बाद 35 वर्षीय चाय कारोबारी विजय मेवाड़ा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय वह प्रगति नगर क्षेत्र में अपने कर्मचारियों को छोड़ने गया था, जहां आरोपी अपने साथियों के साथ मौजूद था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कर्मचारियों से विवाद के दौरान विजय ने समझाने का प्रयास किया, जिस पर आरोपी भड़क गया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। सोमवार को सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम किया गया था, वहीं बुधवार को सकल हिंदू समाज के आह्वान पर विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन करते हुए रोशनपुरा चौराहे से मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने पॉलिटेक्निक चौराहे पर रोक दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित