भोपाल , अप्रैल 23 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अरेरा कॉलोनी क्षेत्र में आर्य समाज मंदिर के समीप संचालित शराब दुकान के विरोध में स्थानीय रहवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस आंदोलन को कांग्रेस के साथ भाजपा नेताओं का भी समर्थन मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक सड़कों पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुकान को तत्काल बंद करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे दुकान पर ताला बंदी करने को मजबूर होंगे।

रहवासियों का कहना है कि उक्त शराब दुकान मंदिर से लगभग 40 मीटर की दूरी पर संचालित हो रही है, जो सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से अनुचित है। इस मुद्दे को लेकर पिछले एक वर्ष से विरोध जारी है और कई बार प्रशासन एवं आबकारी विभाग को शिकायतें भी की जा चुकी हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि पूर्व और वर्तमान प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य द्वारा भी संज्ञान लेने के बाद निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

प्रदर्शन में क्षेत्रीय पार्षद शिखा मोनू गोहिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से अवैध शराब दुकान हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित