भोपाल , अप्रैल 2 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र में स्थित बंसल वन मॉल के बाहर देर रात कुछ युवकों द्वारा कार से बाहर खींचकर दो युवकों की जमकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार रात करीब 1:30 बजे की है। मॉल के बाहर खड़ी एक कार में बैठे दो युवकों को 4-5 युवकों ने बाहर खींच लिया और उनके साथ लात-घूंसे व थप्पड़ों से मारपीट की। इस दौरान कुछ युवतियां बीच-बचाव करती नजर आईं।

बताया जा रहा है कि मारपीट करीब 10 मिनट तक चली, जिससे पीड़ित युवकों को कई जगह चोटें आई हैं। घटना के दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी युवकों ने दोनों को कॉलर पकड़कर जमीन पर गिराया और बेरहमी से पीटा।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार विवाद में शामिल सभी युवक-युवतियां पास के एक पब से बाहर निकले थे और पार्टी के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया।

हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व एमपी नगर क्षेत्र में भी युवतियों के बीच मारपीट का वीडियो सामने आया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित