भोपाल , फरवरी 15 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के सामने स्थित मेहता इंडस्ट्री के गोदाम में रविवार दोपहर पौने चार बजे आग लग गई। फैक्ट्री के पिछले हिस्से में बने गोदाम में लकड़ी और प्लाईवुड के सामान से लपटें भड़क उठीं।
सूचना मिलते ही नगर निगम की 12 दमकलें मौके पर पहुंचीं और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गोदाम के पीछे की टिन की दीवार तोड़कर फायर ब्रिगेड ने पानी और फोम का छिड़काव किया। आग से गोदाम पूरी तरह जल गया, लेकिन फिलहाल किसी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। आग लगने के समय फैक्ट्री से सटी झुग्गी बस्ती के लोग अपने घरों का सामान बाहर निकालकर सुरक्षित रहे। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मौके पर फैक्ट्री मालिक अरुण जैन भी पहुंचे और कर्मचारियों से जानकारी ली। फायर ऑफिसर सौरभ पटेल ने बताया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। दमकल और पुलिस कर्मियों की तत्परता से बड़ी दुर्घटना टली, हालांकि गोदाम में रखा सामान पूरी तरह जल गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित