भोपाल , फरवरी 06 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में राह चलती युवतियों को निशाना बनाकर कटर से हमला करने वाले आदतन अपराधी को भोपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने भोपाल पुलिस टीम को इस सफलता पर 50 हजार रूपए के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

आरोपी देवेन्द्र अहिरवार द्वारा 29 जनवरी की रात्रि सोनागिरी, पिपलानी तथा अयोध्यानगर थाना क्षेत्र में कुल चार युवतियों पर कटर से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन में अति. पुलिस आय़ुक्त अवधेश गोस्वामी के मार्गदर्शन में विशेष टीमों का गठन किया गया। जोन-स्तर एवं क्राइम ब्रांच की कुल 40 टीमों में लगभग 150 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी लगाए गए। पुलिस टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर व्यापक जांच की गई। लगभग 900 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, 600 से अधिक पुराने बदमाशों का सत्यापन किया गया तथा करीब 100 संदिग्धों को पूछताछ हेतु राउंड-अप किया गया। आरोपी के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसका हुलिया एवं फोटो सार्वजनिक कर गिरफ्तारी हेतु 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।

पुलिस टीम को सूचना प्राप्त होने के बाद कल स्थानीय छोलामंदिर क्षेत्र के समीप जंगल में दबिश देकर आरोपी सागर जिले निवासी देवेन्द्र अहिरवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कटर, चोरी की गई मोटरसाइकिल, कपड़े एवं अन्य सामग्री जप्त की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित