नयी दिल्ली , फरवरी 21 -- कांग्रेस भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में किसानों के साथ हो रहे कथित 'अन्याय' के विरोध में 24 फरवरी को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक विशाल किसान रैली आयोजित करेगी जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी प्रमुखता से शिरकत करेंगे।

कांग्रेस ने शनिवार को एक बयान में कहा कि श्री खरगे और श्री गांधी के नेतृत्व में इस रैली के जरिए किसानों के हितों की रक्षा के लिए तथा भारत अमेरिका व्यापार समझौते में उनके साथ किये जा रहे अन्याय के खिलाफ मजबूती से देश के अन्नदाताओं की आवाज बुलंद की जाएगी।

पार्टी ने यह घोषणा हाल ही में घोषित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर तेज होते राजनीतिक विवाद के बीच की गयी है। कांग्रेस का आरोप है कि समझौते के कुछ प्रावधान भारतीय किसानों के लिए अत्यंत नुकसानदायक हो सकते हैं। पार्टी मानती है कि इस समझौते से किसानों को नुकसान होगा और इसका असर खासकर कृषि आयात, न्यूनतम मूल्य सुरक्षा और बाजार तक कृषि उत्पादों की पहुंच पर पड़ेगा और पाटी्र रैली के जरिए इन मुद्दों को किसानों के सामने रखेगी।

पार्टी का कहना है कि समझौते में यदि किसानों के हित के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित नहीं किए गए, तो छोटे और सीमांत किसानों को विदेशी कृषि उत्पादों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। पार्टी ने बातचीत की प्रक्रिया की समय-सीमा और पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि भोपाल का यह कार्यक्रम "किसानों, कृषि श्रमिकों और नागरिक समाज की आवाजों को एकजुट करने" का मंच बनेगा, ताकि ऐसे "न्यायसंगत प्रावधानों" की मांग की जा सके जो भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रक्षा करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित