भोपाल , मार्च 18 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (प्रशिक्षण) राजाबाबू सिंह को धमकाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार तड़के त्रिलंगा स्थित एडीजी के निवास के बाहर हुई, जहां कार से आए कुछ युवकों ने गाली-गलौज करते हुए धमकाया। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक के हाथ में डंडा भी दिखाई दिया है। सूचना मिलने पर शाहपुरा थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
घटना के बाद एडीजी श्री सिंह ने पुलिस आयुक्त और डीजीपी को पत्र लिखकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी तथा जान को खतरा होने की आशंका जताई थी।
थाना प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों नितेश चौरसिया और रुद्राक्ष यादव ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वे गलत पते पर पहुंच गए थे, जिससे विवाद की स्थिति बनी। दोनों निजी नौकरी करते हैं। वही पुलिस आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
इस मामले को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में पुलिस अधिकारी ही स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और अतिरिक्त सुरक्षा की मांग कर रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए इसे विफल बताया।
वही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित