धार , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश में धार की ऐतिहासिक भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद परिसर को लेकर चल रहे विवाद में नया मोड़ आया है। मुस्लिम पक्ष की ओर से इंदौर हाईकोर्ट में एक नया सिविल सूट दायर किया गया है, जिस पर अब सोमवार को अहम सुनवाई होगी।

जानकारी के अनुसार हाईकोर्ट में चल रही नियमित सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष के तीन व्यक्तियों ने यह दीवानी वाद प्रस्तुत किया। शनिवार को न्यायालय में प्रारंभिक बहस हुई, लेकिन समयाभाव के कारण कार्यवाही पूरी नहीं हो सकी।

मुस्लिम पक्ष की ओर से अधिवक्ता अशहर वारसी ने पैरवी करते हुए भूमि के मालिकाना हक, ऐतिहासिक कब्जे की स्थिति तथा परिसर में धार्मिक गतिविधियों के संवैधानिक अधिकार जैसे तीन प्रमुख बिंदु न्यायालय के समक्ष रखे। साथ ही वाद की सुनवाई योग्य होने के कानूनी आधार भी प्रस्तुत किए गए। अधिवक्ता पूर्वी असाटी के अनुसार कई तकनीकी और कानूनी बिंदुओं पर विस्तृत बहस शेष है, जिस पर सोमवार को होने वाली सुनवाई में आगे चर्चा होगी।

उल्लेखनीय है कि इसी विवाद से जुड़ा एक सिविल सूट पहले से ही धार जिला न्यायालय में लंबित है, जिस पर 10 मई को सुनवाई निर्धारित है। ऐसे में हाईकोर्ट में दायर नए वाद और जिला अदालत में लंबित मामले के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर कानूनी स्थिति भी स्पष्ट होनी बाकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित