धार , जनवरी 16 -- आगामी 23 जनवरी को मनाए जाने वाले बसंत पंचमी पर्व को लेकर मध्यप्रदेश का धार जिला प्रशासन और पुलिस विभाग हाई अलर्ट मोड पर है।
इस वर्ष बसंत पंचमी और शुक्रवार एक ही दिन होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन में आज भोजशाला परिसर में एंटी-सैबोटेज टीम द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर खरगोन से आई बीडीएस टीम ने भोजशाला परिसर के कोने-कोने की सूक्ष्मता से जांच की। टीम ने आधुनिक उपकरणों के माध्यम से पूरे परिसर को खंगाला। सघन तलाशी के बाद टीम ने परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया है और वहां कोई भी संदिग्ध वस्तु या सामग्री नहीं पाई गई।
बसंत पंचमी पर भारी भीड़ और कानून-व्यवस्था को देखते हुए एसडीएम राहुल गुप्ता ने आदेश जारी किए हैं। 18 जनवरी से 27 जनवरी तक शहर की सभी होटलों और धर्मशालाओं में नई बुकिंग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। उत्सव के दौरान हजारों की संख्या में बाहर से आने वाले पुलिस बल के ठहरने के लिए कमरों को आरक्षित किया गया है जो लोग पहले से होटलों में ठहरे हुए हैं, उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं होगी।
इसी बीच आज भोजशाला परिसर में जुमे की नमाज के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समाजजनों ने नमाज अदा की। कमाल मौला मस्जिद इंतजामिया कमेटी के सदर जुल्फिकार पठान ने बताया कि शांति समिति की बैठक में कलेक्टर और एसपी ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के आगामी आदेशों का पूर्णतः पालन किया जाएगा और मुस्लिम समाज शहर में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित