धार , अप्रैल 7 -- मध्यप्रदेश में धार स्थित भोजशाला परिसर में हिंदू समाज द्वारा सत्याग्रह करते हुए हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ और पूजन किया गया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने परिसर का अवलोकन किया।

अवलोकन के दौरान उन्हें भोज उत्सव समिति के गोपाल शर्मा ने परिसर की ऐतिहासिकता और वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। मीडिया से चर्चा में तोगड़िया ने कहा कि वह वर्षों पहले यहां ताला खुलवाने के आंदोलन से जुड़े रहे हैं और अब पुनः दर्शन के लिए आए हैं।

उन्होंने परिसर में मौजूद प्रतीकों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां शिवलिंग, मूर्तियां और अन्य चिन्ह मौजूद हैं, जिनके आधार पर यह स्थान मंदिर होने के साक्ष्य प्रस्तुत करता है। उन्होंने मांग की कि परिसर में वाग्देवी की मूर्ति स्थापित कर निर्बाध पूजा की अनुमति दी जाए और नमाज पर पूर्ण रोक लगाई जाए।

तोगड़िया ने कहा कि न्यायालय के निर्देश पर हुए वैज्ञानिक सर्वे से वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और इससे जुड़े शिलालेख व कलाकृतियां ऐतिहासिक स्वरूप को प्रमाणित करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक स्थलों पर सद्भाव एकतरफा नहीं होना चाहिए।

इससे पूर्व तोगड़िया बदनावर में एक कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के आयोजन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देशभर में बड़े स्तर पर इस तरह के आयोजन कर समाज को संगठित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने जरूरतमंदों के लिए अनाज संग्रह अभियान चलाने की बात कही, जिससे कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित