धार , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के धार स्थित भोजशाला परिसर में शुक्रवार को जुम्मे की नमाज अदा किए जाने के बाद मुस्लिम समाज ने प्रशासन से नियम उल्लंघन के आरोपों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नमाज के बाद समाज का एक प्रतिनिधिमंडल सीएसपी सुजवाल जग्गा से मिला और दो दिन पूर्व सौंपे गए आवेदन पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि हाल ही में निकाले गए चुनरी जुलूस को भोजशाला परिसर में प्रवेश से नहीं रोका गया, जो सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उल्लेखनीय है कि चैत्र नवरात्रि के दौरान हिंदू समाज द्वारा मां वाग्देवी को चुनरी चढ़ाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इस मामले को लेकर केंद्रीय पुरातत्व विभाग के अधिकारियों द्वारा भी आपत्ति दर्ज कराते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपा गया था।

मुस्लिम समाज का कहना है कि 24 मार्च 2026 को भोजशाला परिसर में बिना अनुमति वर्जित सामग्री ले जाकर धार्मिक आयोजन किया गया, जो नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने इस मामले में अब तक स्पष्ट कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई।

कमाल मौलाना वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष अब्दुल समद ने कहा कि नियम सभी के लिए समान रूप से लागू होने चाहिए। समाज ने संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने, सुरक्षा में तैनात गार्ड बदलने और परिसर में केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती की मांग की है। साथ ही समाज ने यह भी आरोप लगाया कि पीछे के रास्ते से मूर्तियां लाने का प्रयास किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित