धार , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर के न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला 24 मार्च मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर धार पहुंचकर ऐतिहासिक भोजशाला परिसर का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे केंद्रीय पुरातत्व विभाग के अधीन स्थल का मुआयना कर उससे जुड़े तथ्यों की जानकारी लेंगे।

आधिकारिक सूचना के अनुसार न्यायमूर्ति शुक्ला दोपहर लगभग एक बजे धार पहुंचेंगे और सर्किट हाउस से सीधे भोजशाला के लिए रवाना होंगे। निरीक्षण के दौरान पुरातत्व विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती की गई है। नौगांव स्थित किले के संग्रहालय पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में भोजशाला से जुड़े मामले में याचिका दायर की गई थी, जिस पर आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया द्वारा विस्तृत सर्वे रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत की गई है। हाल ही की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने स्वयं स्थल का निरीक्षण करने का निर्णय लिया था।

उल्लेखनीय है कि मामले में सभी पक्षों से सुझाव और आपत्तियां प्राप्त की जा चुकी हैं। अब मूल याचिकाकर्ताओं के तर्क सुने जाएंगे तथा प्रकरण की अगली सुनवाई 2 अप्रैल से प्रारंभ होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित