बेतिया, दिसंबर 13 -- बिहार के आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद ने शनिवार को कहा कि भोजपुरी भाषा हमारे सांस्कृतिक धरोहर का अहम हिस्सा है, जिसे संजोकर रखना सभी की जिम्मेदारी है।

मंत्री श्री प्रसाद ने स्थानीय ऑडिटोरियम में संस्कार भारती की ओर से आयोजित भोजपुरिया कला हाट के उद्घाटन समारोह में भोजपुरी भाषा और संस्कृति के महत्व को रेखांकित करते हुये कहा कि बिहार की माटी में भोजपुरी का अपना अलग स्थान है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी हमारे सांस्कृतिक धरोहर का अहम हिस्सा है, जो न सिर्फ बिहार, बल्कि पूरे देश में फैला हुआ है। भोजपुरी को संजोकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इसके पूर्व संस्कार भारती के जिलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र शरण ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रविशंकर ने कला के महत्व पर जोर देते हुए कहा, कला व्यक्ति को नर से नारायण बनाने का साधन है। उन्होंने कहा कि जीवन में चुनौतियों पर चर्चा करने से कहीं ज्यादा जरूरी है कि हम समाधान की दिशा में कदम बढ़ाएं। समस्याएं हम सभी जानते हैं, लेकिन समाधान पर ध्यान केंद्रित करना हमारी जिम्मेदारी है।

भोजपुरिया कला हाट में विभिन्न भोजपुरिया कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। यहां हस्तशिल्प, काष्टशिल्प, भोजपुरी पेंटिंग और अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित