बीजापुर , मई 04 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एनएच-63 जगदलपुर-बीजापुर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक हिरण की मौत हो गई। यह घटना भैरमगढ़ के सामान्य वन परिक्षेत्र अंतर्गत फूडरी इलाके में सोमवार देर शाम हुई ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिरण सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हिरण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सामान्य वन परिक्षेत्र के रेंजर जागेश्वर साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि देर शाम घटना होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं किया जा सका, जिसे मंगलवार सुबह कराया जाएगा।
वन विभाग ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर वन्यजीवों की सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित