बैतूल , जनवरी 21 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के भैंसदेही में हुई सड़क दुर्घटना में घायल बच्चों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश कलेक्टर बैतूल नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने दिए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर ने एसडीएम भैंसदेही, सीएमएचओ और सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए तथा जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर ने गंभीर रूप से घायल दो बच्चों और वाहन चालक को एम्स भोपाल रेफर करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दुर्घटना में मृत बच्ची के परिजनों को रेडक्रॉस से 25 हजार रुपये तथा गंभीर रूप से घायल बच्चों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए।

एसडीएम भैंसदेही ने बताया कि दुर्घटना के समय वाहन में कुल 16 लोग सवार थे, जिनमें 15 बच्चे और एक चालक शामिल था। हादसे में एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 बच्चे और चालक घायल हुए हैं। इनमें से 10 बच्चों और चालक को जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है, जबकि शेष घायलों का उपचार भैंसदेही में जारी है। प्रशासन के अनुसार यह दुर्घटना बोलेरो वाहन की टक्कर से हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित