भरतपुर , जनवरी 12 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के बालेर-करणपुर सड़क मार्ग पर झोपड़ी बस स्टैंड के पास सोमवार सुबह एक बाड़े में वन्यजीवों के हमले में 66 भेड़-बकरियों की मौत हो गई और कई घायल हो गयीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग का दल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल और आसपास के खेतों एवं सड़क किनारे मिले पैरों की छाप के आधार पर भेड़ियों के झुंड द्वारा किये गए हमले में भेड़-बकरियों की मौत की पुष्टि की है।

विभागीय सूत्रों ने बताया कि सुबह पशुपालक जब अपने भेड़ बकरियों के बाड़े में पहुंचे तो वहां बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां मृत और घायल मिलीं।

सूत्रों ने बताया कि पशुपालक हरिकेश और बाबूलाल गुर्जर के बाड़े और आसपास मृत मिली 66 भेड़ बकरियों की मौके पर पशु चिकित्सक अधिकारी के दल ने पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पूरी की। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक, वन विभाग और प्रशासन से गरीब बीपीएल पशुपालकों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित