बहराइच , दिसंबर 16 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कैसरगंज इलाके में स्थित दनावल ग्राम में मंगलवार की सुबह एक छह वर्षीय बच्चा जंगली जानवर के हमले का शिकार होते-होते बच गया। बच्चा अपने बाबा और अन्य लोगों के साथ ठंड से बचने के लिए घर के बाहर अलाव ताप रहा था, जब यह घटना घटी।
सूत्रों के अनुसार, दनावल ग्राम के रहने वाले विजय कुमार का बेटा यश (6) अपने बाबा माता प्रसाद के साथ अलाव के पास बैठा था। अचानक एक भेड़िया ने उस पर हमला कर दिया। मासूम ने जैकेट पहना हुआ था, जिसके कारण भेड़िया उसे खींचने में असफल रहा। यश के परिजनों और ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया, जिससे जानवर भयभीत होकर गन्ने के खेत की तरफ भाग गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित