नैनीताल , मार्च 06 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के प्राकृतिक रूप से बेहद खूबसूरत मुक्तेश्वर क्षेत्र में भू कानूनों का उल्लंघन कर हो रहे बेलगाम निर्माण को मुख्यमंत्री के सचिव और कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
श्री रावत आज मुक्तेश्वर क्षेत्र के भ्रमण पर निकले थे। इस दौरान उन्होंने पाया कि क्षेत्र में तेजी से बहुमंजिला भवनों और रिसार्टस का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कुछ लोगों द्वारा समूह बनाकर बड़े पैमाने पर निर्माण किए जा रहे हैं और होम स्टे का लाभ भी लिया जा रहा है।
उन्होंने इस पर गंभीर चिंता जताई तथा साथ ही भू-कानून के उल्लंघन की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि मुक्तेश्वर क्षेत्र में इस प्रकार की बड़ी इमारतों का निर्माण और योजनाओं का दुरुपयोग गंभीर मामला है तथा इससे भू-कानून की भावना प्रभावित हो रही है।
उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण को क्षेत्र में बन रहे सभी इमारतों और रिसॉर्ट्स की विस्तृत जांच के निर्देश दिए। साथ ही शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित