पटना , जनवरी 29 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरूवार को निर्देश दिया कि आमलोगों की भूमि से संबंधित समस्याओं का अधिकतम और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में आयोजित कार्यक्रम से एक दिन पूर्व ही राजस्व मुख्यालय के अधिकारियों की अंचलवार तैनाती कर प्रस्तावित कार्यों की गहन समीक्षा की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा के नेतृत्व में चल रहे भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब संवाद कार्यक्रम से एक दिन पहले ही अंचल स्तर पर कार्यों की गहन समीक्षा की जाएगी। इस जिम्मेदारी के लिए राजस्व मुख्यालय के 15 वरिष्ठ अधिकारियों को दरभंगा जिले के विभिन्न अंचलों में तैनात किया गया है।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा की अध्यक्षता में 31 जनवरी 2026 को दरभंगा जिले में प्रस्तावित भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम से पहले सभी 15 विभागीय अधिकारी 30 जनवरी को एक दिन पहले ही जिले में योगदान देंगे। ये अधिकारी अपने-अपने आवंटित अंचलों में जाकर भूमि से जुड़ी सेवाओं, लंबित मामलों, ऑनलाइन-ऑफलाइन प्रक्रियाओं, अभिलेख अद्यतन और आमजन से संबंधित समस्याओं की स्थल पर समीक्षा करेंगे। ऐसा पहली बार है जब जनकल्याण संवाद कार्यक्रम से पूर्व अंचल स्तर पर माइक्रो सुपरविजन की स्पष्ट व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे निरीक्षण के बाद अपनी विस्तृत रिपोर्ट राजस्व मुख्यालय को भेजेंगे, जिससे कार्यक्रम के दिन आम जनता की समस्याओं पर त्वरित और ठोस निर्णय लिया जा सके।
इस नई व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भूमि सुधार जनकल्याण संवाद में अधिकतम समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
विभाग का मानना है कि एक दिन पहले की यह समीक्षा व्यवस्था अंचलों में जवाबदेही बढ़ाएगी और आम लोगों को राजस्व सेवाओं का त्वरित लाभ मिलेगा।कार्यक्रम के समग्र प्रभार में विशेष सचिव अरुण कुमार सिंह रहेंगे, जो जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पूरे आयोजन के सफल संचालन की निगरानी करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित