रायपुर , दिसंबर 20 -- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें गिरफ्तार किया जाए या नहीं, इसे लेकर राज्य में सर्वे कराया जा रहा है। श्री बघेल ने शनिवार रात करीब 8 बजे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा कर यह दावा किया, जिससे प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
अपने पोस्ट में भूपेश बघेल ने कहा कि तमाम तरह के हथकंडे अपनाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है और अब केंद्रीय गृहमंत्री सर्वे एजेंसियों के माध्यम से जनता की राय जानने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सर्वे एजेंसी की करीब 70 टीमें छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों से यह पूछ रही हैं कि क्या भूपेश बघेल को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
श्री बघेल के अनुसार, भिलाई में ऐसी ही एक टीम को उनके साथियों ने पकड़ा, जिसके बाद यह बात सामने आई।
पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक द्वेष से कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विधिसम्मत कार्रवाई करने के बजाय सर्वे कराना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मजाक है। उन्होंने कहा कि पहले महादेव सट्टा ऐप मामले में उन पर बेबुनियाद आरोप लगाए गए और अब जब पीएमओ के अधिकारियों के सट्टेबाजी में शामिल होने की चर्चाएं सामने आई हैं, तो उन्हें शराब घोटाले के मामले में घसीटने की कोशिश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित