भुवनेश्वर , फरवरी 04 -- ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में गुरुवार से 'ब्लैक स्वान समिट इंडिया' शुभारंभ होगा।

पांच और छह फरवरी को होने वाले इस शिखर सम्मेलन में दुनिया भर से उद्योग जगत की शीर्ष हस्तियां, नीति निर्माता और नवाचार करने वाले (इनोवेटर) शामिल होंगे। भारतनेत्र पहल के तहत ओडिशा सरकार द्वारा सिंगापुर स्थित ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क (जीएफटीएन) के साथ साझेदारी में आयोजित यह शिखर सम्मेलन राज्य को भारत के विकास के अगले चरण के लिए एक मंच के रूप में पेश करता है।

इस सम्मेलन के उद्घाटन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल होंगे। यह शिखर सम्मेलन एआई, फिनटेक और इन्सुरटेक (बीमा में तकनीक का इस्तेमाल) में नीतियों के निर्माण से लेकर उन्हें लागू किये जाने तथा पूरा किये जाने तक ओडिशा के प्रयासों को उजागर करता है। यह विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप ही विकास इंजन के रूप में राज्यों की भूमिका पर जोर देता है।

ओडिशा सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विशाल कुमार देव ने पत्रकारों से कहा, "ओडिशा यह प्रदर्शित करने के लिए आगे बढ़ रहा है कि कैसे समावेशी, तकनीक-आधारित शासन, भविष्य के लिए तैयार प्रतिभा, वैश्विक सहयोग और विश्वसनीय डिजिटल बुनियादी ढांचा भारत के लिए बड़े पैमाने पर समृद्धि ला सकता है।"इसमें 24 देशों के 1,700 से अधिक प्रतिनिधियों और पांच महाद्वीपों (उत्तरी अमेरिका, दक्षिण अमेरिका, यूरोप, एशिया और अफ्रीका) के लगभग 100 वक्ताओं के भाग लेने की उम्मीद है। शिखर सम्मेलन वैश्विक और राष्ट्रीय नीति निर्माताओं, नियामकों, वित्तीय संस्थानों, प्रौद्योगिकी नेताओं, स्टार्टअप, निवेशकों और शिक्षाविदों को संवाद के लिए एक साथ लाएगा।

श्री देव ने कहा, "ओडिशा न केवल वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था में भाग लेने की तैयारी कर रहा है, बल्कि विकसित भारत में अग्रिम पंक्ति के योगदानकर्ता के रूप में इसे आकार देने में मदद करने का इरादा रखता है।" उन्होंने कहा कि केवल तकनीक अपनाने पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय, राज्य मापने योग्य परिणामों जैसे नौकरियों, कौशल, उद्यम निर्माण और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता पर जोर दे रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित