हैदराबाद , अप्रैल 30 -- तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पूरे तेलंगाना में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। उन्होंने बिजली इकाइयों को निर्देश दिया कि आने वाले दिनों भीषण गर्मी की वजह से बिजली की मांग बढ़ने की स्थिति से निपटने के लिये वे मिलकर काम करें।
प्रजा भवन में गुरुवार को ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित एक समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि वातानुकूलित यंत्रों, कूलरों के बढ़ते उपयोग और कृषि भार ने मांग को काफी बढ़ा दिया है। अधिकारियों ने उन्हें सूचित किया कि पूरे देश में बिजली प्रणाली दबाव में है, लेकिन आश्वासन दिया कि राज्य पूरी तरह तैयार है।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यकता पड़ने पर केंद्रों के माध्यम से अतिरिक्त बिजली खरीदने का निर्देश दिया और इस बात पर जोर दिया कि अस्पतालों और पेयजल आपूर्ति जैसी आवश्यक सेवाओं में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी उपलब्ध बिजली उत्पादन इकाइयों को पूरी क्षमता से चलाया जाए और जल विद्युत संसाधनों का कुशलतापूर्वक प्रबंधन किया जाए।
श्री भट्टी विक्रमार्क ने अग्रिम योजना बनाने पर जोर देते हुये बिजली इकाइयों को आने वाले दिनों में मांग में और वृद्धि से निपटने के लिए निकट समन्वय के साथ काम करने को कहा। बैठक में विशेष मुख्य सचिव (ऊर्जा) नवीन मित्तल और बिजली इकाइयों के प्रमुखों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित