एमसीबी , अप्रैल 08 -- छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में भीषण गर्मी और बढ़ते जल संकट के बीच लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। खराब और बंद पड़े हैंडपंपों के संधारण एवं मरम्मत को प्राथमिकता देते हुए विभाग की टीमों को सक्रिय किया गया है, जो लगातार गांव-गांव पहुंचकर त्वरित सुधार कार्य कर रही हैं।

जिला पीआरओ ने बुधवार को बताया - तेज धूप और बढ़ती जल मांग को देखते हुए विशेष रणनीति के तहत मरम्मत दलों का गठन किया गया है। ये दल सुबह से ही फील्ड में पहुंचकर हैंडपंपों की जांच, मरम्मत और आवश्यक पुर्जों के प्रतिस्थापन का कार्य कर रहे हैं, ताकि किसी भी गांव में पेयजल की समस्या न उत्पन्न हो। विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि खराब हैंडपंपों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र चालू किया जाए।

इसी क्रम में विकासखंड मनेंद्रगढ़ के ग्राम पंचायत बंजी, वार्ड क्रमांक 2 स्कूल पारा में लंबे समय से खराब पड़े हैंडपंप को विभागीय टीम ने सुधार कर पुनः चालू किया। हैंडपंप के चालू होते ही आसपास के रहवासियों को स्वच्छ पेयजल मिलने लगा है, जिससे उन्हें गर्मी के इस दौर में बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों ने विभाग की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मरम्मत से उनकी दैनिक जल आवश्यकता की समस्या दूर हुई है।

विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न ग्रामों में लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी हैंडपंप खराब मिल रहे हैं, वहां तत्काल मरम्मत की जा रही है। साथ ही भविष्य में समस्या से बचाव के लिए नियमित संधारण पर भी जोर दिया जा रहा है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए संसाधनों, तकनीकी टीमों एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। नागरिकों से अपील की गई है कि जल का उपयोग सावधानीपूर्वक करें और किसी भी खराब हैंडपंप की सूचना तुरंत विभाग को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित