चेन्नई , अप्रैल 27 -- तमिलनाडु में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है और राज्य के 14 से अधिक जिलों में तापमान 100 डिग्री फारेनहाइट (37.7 डिग्री सेल्सियस) के पार जा चुका है तथा कुछ जगहों पर यह 107 डिग्री फारेनहाइट (41.6 डिग्री सेल्सियस) के स्तर को छू रहा है।
मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि आने वाले दिनों में पारा और बढ़ेगा, जिससे भीषण गर्मी का दौर और तेज होने के आसार हैं।उमस भरी गर्मी के कारण होने वाली भारी असुविधा को देखते हुए लोगों को सभी एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गयी है। लोगों को दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे के बीच यात्रा न करने और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए अंतराल पर पर्याप्त तरल पदार्थ लेने का सुझाव दिया गया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लू (हीट स्ट्रोक) की चेतावनी दिये जाने के बाद सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम उठाते हुए सभी सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला मुख्यालय अस्पतालों को 'हीट स्ट्रोक वार्ड' खोलने का निर्देश दिया है, ताकि जरूरतमंदों को तत्काल उपचार मिल सके।
मौसम ब्लॉगर्स के अनुसार, पिछले दो हफ्तों से चेन्नई शहर में तापमान लगातार बढ़ रहा है और 100 डिग्री फारेनहाइट के आंकड़े को पार कर गया है। आने वाले समय में भी यही स्थिति बनी रहेगी, जिससे तीन या चार मई से शुरू होने वाला भीषण गर्मी का मौसम, जिसे स्थानीय रूप से 'कथिरी' या 'अग्नि नक्षत्रम' कहा जाता है, महीने के अंत तक और भी अधिक कष्टकारी हो सकता है।
मौजूदा भीषण लू 'कथिरी' सीजन के आगमन का संकेत दे रही है। एक मई से तापमान में और भी भारी उछाल आने की संभावना है। चेन्नई, इसके उपनगरों और पड़ोसी जिलों- कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू सहित तटीय, उत्तरी तटीय और आंतरिक जिलों के लोगों को इस भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ सकती है। जिस प्रकार पूर्वोत्तर मानसून, जिसे 30/31 दिसंबर 2025 को समाप्त होना था, आगे बढ़कर जनवरी तक खिंच गया और बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मार्च के पहले सप्ताह तक बारिश और धुंध का सिलसिला बना रहा, जो जनवरी/फरवरी में लगभग दो दशकों के बाद हुई एक दुर्लभ घटना थी, ठीक उसी तरह इस बार गर्मी का मौसम भी लंबा खिंचने की संभावना है।
मौसम विभाग ने आज जारी अपडेट में बताया कि तमिलनाडु के दक्षिणी तिरुनेलवेली, तेनकासी और कन्याकुमारी जिलों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हुई, जबकि तमिलनाडु के शेष हिस्सों, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में मौसम शुष्क बना रहा। कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि शेष तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल क्षेत्र में यह सामान्य के करीब रहा।
अगले एक सप्ताह के पूर्वानुमान के अनुसार, तमिलनाडु के तटीय डेल्टा जिलों, पश्चिमी घाट के जिलों, दक्षिणी तटीय जिलों और कराईकल क्षेत्र में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि शेष तमिलनाडु और पुड्डुचेरी में मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। आगामी 30 अप्रैल को नीलगिरी, कोयंबटूर, इरोड, सलेम, धर्मपुरी और कृष्णगिरि जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
नम हवा और उच्च तापमान के कारण तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। एक मई तक तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल क्षेत्र में अधिकतम तापमान में वृद्धि की प्रवृत्ति के साथ कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। चेन्नई शहर और इसके आसपास के इलाकों के लिए पूर्वानुमान है कि अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और गर्म व उमस भरा मौसम बना रहेगा, जबकि बारिश के कोई आसार नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित