भीलवाड़ा , दिसम्बर 11 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत बने कियोस्कों की ख़स्ता हालत और उनमें चल रही अवैध गतिविधियों को देखते हुए नगर विकास न्यास (यूआईटी) ने सख़्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार को भोपालपुरा में कांग्रेस के विरोध के बाद भी कियोस्क ध्वस्त कर दिये गये।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पहली कार्रवाई भोपालपुरा क्षेत्र में की गयी जहां जेसीबी ने अवैध रूप से कब्जाये गये कियोस्कों को ढहाया। भोपालपुर क्षेत्र के कई कियोस्कों में अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतों को यूआईटी ने गंभीरता से लिया। अवैध कब्जा हटाने के बाद अब 38 कियोस्कों को तोड़ने की कार्रवाई की गयी है। मौके पर पुलिस जाप्ता, जेसीबी और यूआईटी का अमला मौजूद है।
उल्लेखनीय है कि कियोस्कों को तोड़ने की कार्रवाई का कांग्रेस सहित स्थानीय लोगों ने विरोध किया था। कई कियोस्क संचालक तो मौके पर रोने लगे। उनका कहना था कि पिछले 25 वर्षों से इन्हीं कियोस्कों से उनकी रोज़ी-रोटी चल रही है। अचानक की जा रही यह कार्रवाई उनके परिवारों को संकट में डाल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित