भीलवाड़ा , मार्च 31 -- अहिंसा के अवतार भगवान महावीर स्वामी की जयंती के पावन अवसर पर राजस्थान में भीलवाड़ा नगर निगम ने शहर में सख्ती दिखाते हुए मांस की दुकानों को बंद करवाया है।
नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी के कड़े निर्देशों के बाद मंगलवार को निगम की टीम ने विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण करके दुकानों को बंद रखने की हिदायत दी।
नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी के नेतृत्व में गठित दल ने शहर के संवेदनशील और प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस दल में शामिल निरीक्षक प्रवीण अटवाल और होमगार्ड दल प्रभारी जोरावर सिंह ने अपने दल-बल के साथ मोर्चा संभाला। कार्रवाई के दौरान रेलवे स्टेशन चौराहा, चंद्रशेखर आजाद नगर, भोपालपुरा और तिलक नगर सहित शहर के विभिन्न मोहल्लों में खुली पायी गयीं करीब 13 मांस की दुकानों को मौके पर ही बंद करवाया गया।
महावीर जयंती के दिन जीव हत्या और मांस की बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद कुछ दुकानदार नियमों की अवहेलना कर रहे थे। निगम की इस त्वरित और ठोस कार्रवाई को लेकर शहरवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि धार्मिक पर्वों पर इस तरह की अनुशासनिक कार्रवाई से सामाजिक समरसता और धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहता है। निगम के दल ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के विशेष अवसरों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित