भीलवाड़ा , दिसम्बर 16 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के जिला क्षेत्र न्यायालय परिसर के निकट नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने मंगलवार को सड़क पर लगी चाय की थड़ियों और अन्य केबिनों को हटवा दिया।

अतिक्रमण हटाओ दस्ते के प्रभारी जोरावर सिंह ने बताया कि न्यायालय परिसर के गेट नंबर चार से मुखर्जी पार्क के बीच सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए केबिन और चाय की थड़ियां हटाई गई हैं। लंबे समय से इन अतिक्रमणों के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती थी।

उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा इस स्थान पर केबिन या थड़ियां लगाई गईं तो उन्हें जब्त कर लिया जाएगा। नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में आवागमन सुचारु होने लगा है और आमजन ने राहत महसूस की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित